फॉलोअप: महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी चूक, अब शिवानी के बयान से बच जाएंगे पिता और भाई

फॉलोअप: महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी चूक, अब शिवानी के बयान से बच जाएंगे पिता और भाई

Maharashtra Police Blunder: ऑनर किलिंग के आरोप में भाई-पिता को जेल से छुड़ाने अब जिंदा बेटी महाराष्ट्र के बुलढाणा कोर्ट में बयान देंगी। पूरे मामले में महाराष्ट्र पुलिस की जांच सवालों के घेरे में आ गई है। बेटी के जिंदा मिलने पर जलगांव जामोद थाना पुलिस हड़कंप भी मचा हुआ है। इधर, सिर कटा व आधा जला शव को लेकर भी स्थिति साफ नहीं हो पाई है।

बुरहानपुर जिले के खकनार के खडक़ी गांव की निवासी शिवानी पिता बापूराम के जिंदा लौटने पर भाई-पिता को छुड़्वाने शुक्रवार को जलगांव-जामोद पुलिस थाने पहुंची। यहां उसने बयान दिए कि वह जिंदा है। वहीं अब शासकीय दस्तावेजों के साथ उसके बयान महाराष्ट्र कोर्ट में एडीपीओ के सामने दर्ज किए जाएंगे। ​शिवानी के बयान होने के बाद न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत भाई-पिता को छोड़ने का आदेश होगा। इस प्रकरण में कहा पर चूक हुई है इसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। संभावना है कि महाराष्ट्र पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की इस मामले में एसआइटी बनाई जा सकती है।

महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी चूक

पूरे मामले में महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी चूक सामने आई। पुलिस ने शव का डीएनए टेस्ट रिपोर्ट के पहले ही भाई-पिता पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया। यहां तक कि ​​ ​शिवानी के घर छोड़ने और उसके साथ गए अरुण के बारे में भी जानने की को​शिश नहीं की। आश्चर्य की बात यह कि एमपी की खकनार थाना पुलिस भी सक्रिय नहीं दिखी। गनीमत रही कि बेटी ​शिवानी जिंदा लौट आई नहीं तो पिता-भाई उस अपराध की सजा भुगतते जो उन्होंने नहीं किया। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस अब जेल में बंद भाई-पिता की रिहाई के लिए दोबारा से प्रकरण की फाइल खोल रही है। वहीं सवाल अभी भी बरकरार है कि सिर कटा, आधा जला हुआ शव किस महिला का है।

यह कहानी गढ़ी थी जलगांव-जामोद पुलिस ने

जलगांव जामोद पुलिस को सिर कटी व जली युवती का ​शव मिला था। ​शिवानी के लापता होने की सूचना पर महाराष्ट्र पुलिस खकनार आई थी। ​शिवानी के पिता और उसके भाई को शंका के आधार पर ले गई और हत्या का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने कहानी बनाई कि शिवानी का अपने चचेरे भाई से प्रेम प्रसंग था। शादी के पांच दिन बाद वह मायके लौटी। 23 अप्रेल को पिता का बेटी से विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ी कि पिता ने बेटी के सिर पर लकड़ी से वार किया। इससे उसकी मौत हो गई। पिता ने शव को एक दिन घर में ही रखा। दूसरे दिन बेटे अजय के साथ मिल कर शव को जलगांव-जामोद में ग्राम राजुरा शिवरा के खेत में जला कर नष्ट करने का प्रयास किया। 26 अप्रैल को खेत मालिक पहुंचा तो अधजला शव दिखा। इस पर जलगांव-जामोद पुलिस ने केस दर्ज कर पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बयान देने गए

शिवानी के बयान लेने के बाद प्रकरण की जानकारी महाराष्ट्र पुलिस को दी है। युवक-युवती भी महाराष्ट्र गए हैं, जहां पर दस्तावेज पेश करने के साथ एडीपीओ के सामने बयान होंगे।

  • अभिषेक जाधव, टीआइ खकनार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *