शाहजहांपुर पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से बिहार में तीन दिन पहले चोरी किए गए आभूषण, एक इनोवा कार, स्मैक और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। रोजा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने नमकीन फैक्ट्री तिराहा के पास घेराबंदी कर इन आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से 103 ग्राम सोना, 780 ग्राम चांदी के आभूषण, स्मैक, एक इनोवा कार और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
चोरी का माल बराबर बांटते गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदनापुर थाना क्षेत्र के पंखाखेड़ा निवासी मगरूर, मिदरी, अबरम और पतले के रूप में हुई है। पांचवां आरोपी राहुल तोमर बदायूं जिले का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, मगरूर पर 20, मिदरी पर 30, अबरम पर 6, पतले पर 5 और राहुल तोमर पर 5 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे औजारों की मदद से मकानों के दरवाजे और ताले तोड़ते थे। चोरी का माल बराबर बांट लेते थे। बरामद इनोवा कार मगरूर की बहन नगीना के नाम पंजीकृत है, जिसका इस्तेमाल वे अलग-अलग जिलों और राज्यों में वारदातें करने और फरार होने के लिए करते थे। तीन दिन पहले इन्होंने बिहार के एक मकान में चोरी की थी, और बरामद आभूषण उसी चोरी के हैं। चोरी की गई नकदी को उन्होंने अपनी जरूरतों और शौक पर खर्च कर दिया था। एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया- पुलिस को यह एक बड़ी कामयाबी मिली है। उन्होंने पुष्टि की कि पांचों आरोपियों को डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से चोरी का माल बरामद किया गया है।


