Firozabad Aarav Murder Case: मासूम को मारने के बाद खुदकुशी करना चाहता था हत्यारोपी, डर के मारे बदला इरादा

Firozabad Aarav Murder Case: मासूम को मारने के बाद खुदकुशी करना चाहता था हत्यारोपी, डर के मारे बदला इरादा

Aarav Murder Case: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में डेढ़ साल के मासूम आरव को जमीन पर पटक कर मारने वाला हत्यारोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक रोज नए-नए खुलासे कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी खुदकुशी करना चाहता था, लेकिन बाद में डरकर उसने अपना इरादा बदल लिया और शहर से भागने की फिराक में लग गया।

सिर से उतरा खून का नशा तो लगा डर

शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे यादव कॉलोनी में मासूम आरव की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी शव को गेट पर फेंककर भाग गया था। वारदात के कुछ घंटे बाद जब उसके सिर से खून का नशा उतरा तो वह बुरी तरह डर गया। पकड़े जाने के खौफ और आत्मग्लानि के कारण उसके दिमाग में लगातार खुदकुशी करने का ख्याल आ रहा था। वह अपनी जान देने की योजना बना रहा था लेकिन कुछ ही देर में उसने अपना यह इरादा बदल दिया।

पुलिस के डर से सुनसान गलियों में छिपता रहा

हत्या के बाद विराज मुख्य रास्तों पर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। उसे डर था कि मुख्य चौराहों पर पुलिस तैनात होगी और सीसीटीवी कैमरों की मदद से वह तुरंत पकड़ा जाएगा। इसी खौफ के चलते वह कई घंटों तक शिकोहाबाद की सुनसान और अंदरूनी गलियों में बेहद शातिर तरीके से छिपता रहा। इस दौरान वह लगातार पुलिस से बचने के लिए नए ठिकाने भी तलाश कर रहा था।

एटा होकर बदायूं भागने की थी प्लानिंग

गलियों में छिपते हुए विराज ने शिकोहाबाद से भागने का नया प्लान बनाया। वह सीधे बदायूं जाने के बजाय पुलिस को चकमा देने के लिए एटा के रास्ते बदायूं भागना चाहता था। इसके लिए वह किसी भी मुख्य बस स्टैंड या चौराहे पर नहीं गया बल्कि रात होने का इंतजार कर रहा था ताकि अंधेरे में किसी की नजर में ना आए और आसानी से शहर छोड़ सके।

फांसी की मांग पर अड़े यादव कॉलोनी के लोग

उधर, शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में स्थानीय लोगों का गुस्सा चरम पर है। दिल दहला देने वाले सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद पूरी कॉलोनी के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने हत्यारोपी विराज को कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

यह था पूरा मामला

आरोपी विराज रिश्ते में आरव की मां के ससुराल पक्ष का रिश्तेदार था और वह उससे शादी करना चाहता था। जब रती ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उसने गुस्से और बदले की भावना में आकर इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *