पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर गोलीबारी, सुरक्षाकर्मी घायल; CCTV में कैद हुए बदमाश

पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर गोलीबारी, सुरक्षाकर्मी घायल; CCTV में कैद हुए बदमाश

पटना में चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र की है। पुलिस फिलहाल फायरिंग के कारणों और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

फायरिंग के पीछे कोचिंग संचालकों का हाथ

खान सर ने घटना के संबंध में बताया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम में उनके कोचिंग संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए थे। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के बाद सभी लोग घर लौट गए थे। इसी दौरान फायरिंग की सूचना मिली। उन्होंने कहा, “जब हम मौके पर पहुंचे तो पता चला कि सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।” फायरिंग के कारणों के बारे में पूछे जाने पर खान सर ने कहा कि इस घटना के पीछे आसपास के कुछ कोचिंग संचालकों की भूमिका हो सकती है। उनका कहना था कि वे नहीं चाहते कि छात्रों को कम फीस में शिक्षा मिले और इसी वजह से वे नाराज थे। खान सर ने कहा कि हालिया परीक्षा परिणाम में उनके संस्थान के छात्रों की बड़ी सफलता के बाद उनका आक्रोश और बढ़ गया होगा। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *