बाराबंकी के सिद्धौर ब्लॉक क्षेत्र में रविवार को भीषण आग लगने से दो गांवों के करीब एक दर्जन परिवारों की लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। डीहा रहीमपुर और गंगवाई पठनान गांवों में हुई इन घटनाओं में मवेशी झुलस गए और नकदी व जेवरात भी नष्ट हो गए। पहली घटना कोठी थाना क्षेत्र के डीहा रहीमपुर गांव में दोपहर करीब 12 बजे हुई। रामू के घर से उठी चिंगारी तेज हवा के कारण फैल गई। गांव के अधिकांश लोग गेहूं की कटाई में व्यस्त थे, जिससे आग ने रामू, लवकेश, अमरकेश, रामकेश, सुमिरन, महेश, रामखेलावन, सोनू और गुल्लू के छप्परनुमा मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक अनाज, पंपिंग सेट, जेवर और गृहस्थी का सारा सामान जल चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की है।
दूसरी घटना धनौरा ग्राम पंचायत के गंगवाई पठनान गांव में हुई, जहां किसान सुखदेव पुत्र हरिप्रसाद के घर में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में सुखदेव के घर में रखा अनाज, रजाई-गद्दे और करीब 15 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। दोनों ही घटनाओं के बाद पीड़ित परिवारों के सामने अब रहने और खाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सहायता प्रदान करने की मांग की है। राजस्व टीम पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई में जुटी है।


