Azamgarh crime news: आजमगढ़ में एक नाबालिक बच्चे के साथ कथित तौर पर मारपीट कर जबरन खतना किए जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है। परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में ही रहने वाले दूसरे समुदाय के कुछ लोग बच्चे को बेहला फुसलाकर अपने साथ ले गए और उसके साथ मारपीट की। यही नहीं, ब्लेड से उसका जबरन खतना कर दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। मामले में पुलिस ने दूसरे समुदाय के तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इलाके में तनाव
आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के रहने वाले रिंकू सोनी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे आयुष सोनी के साथ पड़ोस के ही रहने वाले दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने मारपीट की और ब्लेड से उसका खतना कर दिया है, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। घटना के सामने आने के बाद पीड़ित परिवार में आक्रोश फैल गया, इसके साथ ही इलाके में भी तनाव का माहौल कायम हो गया। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
रिंकू सोनी ने आरोप लगाया कि पड़ोस के ही रहने वाले मंसूर के दो बेटे बादशाह और करीम और महबूब के बेटे मंसूर उनके घर पहुंचे और उनके बेटे को अपने साथ लेकर चले गए। रिंकू सोनी ने आरोप लगाया है कि इस दौरान बादशाह करीम और मंसूर ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और ब्लेड से उनके उसके गुप्तांग को काट दिया, जिससे बच्चों के गुप्तांग से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी होने के बाद वे मौके पर पहुंचे और इस मामले में विरोध दर्ज कराया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और वहां से भगा दिया। पीड़ित पक्ष ने बताया है कि बच्चे का अस्पताल में उपचार कराया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने मामले में कप्तानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या बोली पुलिस
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसके बाद पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि इस मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर प्राप्त होने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही पूरे मामले की तस्दीक के लिए टीम का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


