Jammu Kashmir Rajouri Search Operation: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आज (शनिवार) सुबह से सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। यह एनकाउंटर डोरीमाल के घने जंगलों में चल रहा है, जहां 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है और आतंकियों के भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं।
खुफिया जानकारी के आधार पर सर्च ओप्रेशन शुरू
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान से घुसपैठ कर कुछ आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल हुए हैं और राजौरी के डोरीमाल जंगल में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही शनिवार सुबह करीब 6 बजे सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
आतंकियों ने ने अचानक की फायरिंग
बताया जा रहा है कि जैसे ही जवान जंगल के अंदर आगे बढ़े, छिपे हुए आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
आतंकियों को चारों तरफ से घेरा गया
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकियों को पूरी तरह घेर लिया गया है। अतिरिक्त जवानों को भी मौके पर भेजा गया है ताकि ऑपरेशन को तेजी से पूरा किया जा सके। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आतंकी भारी हथियारों से लैस हैं और उन्हें जिंदा या मुर्दा पकड़ने तक अभियान जारी रहेगा। घना जंगल और पहाड़ी इलाका होने की वजह से सुरक्षाबल बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि आतंकी इलाके की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।
आसपास के गांवों में जारी अलर्ट
मुठभेड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आसपास के गांवों में सुरक्षा बढ़ा दी है। लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है और ग्रामीणों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। फिलहाल किसी जवान या नागरिक के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए हैं और ऑपरेशन अभी भी जारी है।
राजौरी-पुंछ बेल्ट में बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में राजौरी-पुंछ क्षेत्र में कई आतंकी घटनाएं सामने आई हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।


