गैस संकट की आशंका ! ग्वालियर में 25 नहीं, ’35 दिन’ बाद मिलेगा LPG गैस सिलेंडर

गैस संकट की आशंका ! ग्वालियर में 25 नहीं, ’35 दिन’ बाद मिलेगा LPG गैस सिलेंडर

Gas Cylinder Shortage: ईरान-अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर अब शहर की रसोई तक पहुंचने लगा है। गैस संकट की आशंका के बीच घरेलू उपभोक्ताओं ने सिलेंडर की एडवांस बुकिंग बढ़ा दी है। लोग घर में एक भी खाली सिलेंडर नहीं रखना चाहते, जिसके चलते गैस एजेंसियों पर दबाव अचानक बढ़ गया है। स्थिति यह है कि जहां पहले घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी 28 दिन में हो जाती थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को 33 से 35 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। शहर में इस समय 15 हजार से अधिक उपभोक्ता सिलेंडर की वेटिंग में बताए जा रहे है।

शादियों में भी घटा कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार पहले शादी समारोहों के लिए कमर्शियल सिलेंडर की मांग अधिक रहती थी और लोग कार्ड के साथ आवेदन करते थे। अब महंगे दामों के कारण ऐसे आवेदन कम हो गए हैं।

निगरानी कर रहे हैं…

गैस को लेकर स्थिति सामान्य चल रही है। गैस पर निगरानी कर रहे हैं। कंपनियों से सिलेंडर की आपूर्ति की समीक्षा की जाएगी। – अरविंद भदौरिया, जिला आपूर्ति नियंत्रक

बुकिंग हो रही मुश्किल, मैसेज का इंतजार

उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस रिफिल के लिए जब वे बुकिंग नंबर पर कॉल कर रहे हैं तो तत्काल बुकिंग दर्ज नहीं हो रही। फोन पर केवल यह संदेश सुनाई दे रहा है कि बुकिंग की सूचना मैसेज के जरिए दी जाएगी, लेकिन कई घंटों बाद भी कंफर्मेशन मैसेज नहीं पहुंच रहे। इस परेशानी के चलते बड़ी संख्या में लोग सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। शहर में हर दिन करीब 10 हजार घरेलू सिलेंडरों की जरूरत होती है, जबकि मांग लगातार बढ़ती जा रही है। जिला आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय में रोजाना करीब 150 शिकायतें पहुंच रही हैं।

कमर्शियल सिलेंडर 3296 रुपए पहुंचा

गैस संकट के साथ महंगाई ने भी उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3296 रुपए तक पहुंच गई है। व्यापारियों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर महंगे होने से कई छोटे दुकानदार घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने लगे हैं। इसका सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं की उपलब्धता पर पड़ रहा है। एजेंसियों का मानना है कि घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ते अंतर के कारण घरेलू सिलेंडरों का अवैध उपयोग भी बढ़ा है।

गैस सिलेंडर से भरा ट्रक जब्त

बीते दिनों प्रदेश के भोपाल शहर में घरेलू-कमर्शियल गैस सिलेंडर से भरा एक ट्रक जब्त किया गया था। यह ट्रक गोदाम की जगह न्यू मार्केट क्षेत्र में खड़ा था। यहां से कुल 211 सिलेंडर जब्त किए गए। फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा स्कूल के सामने दशहरा मैदान न्यू मार्केट में ऑटो हाउस इंडेन गैस एजेंसी के दो वाहन खड़े पाए गए। मौके पर एक वाहन खाली था और दूसरे वाहन में घरेलू गैस सिलेंडर भरे 208 नग, एक खाली, व्यवसायिक गैस सिलेंडर 1 नग भरा और 1 नग खाली वाहन में लोड पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *