फतेहपुर के कल्यानपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने रविवार भोर में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 5 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, कल्यानपुर थाना पुलिस बीती रात क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर महरहा रोड नहर के पास बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर जा रहे दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर सफेद कपड़े से ढके एक झोले में रखे तीन पैकेटों से कुल 5 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम सौंह, थाना कल्यानपुर निवासी सुशील तिवारी (45 वर्ष) पुत्र प्रेमशंकर तिवारी और शिवशंकर तिवारी (58 वर्ष) पुत्र दयाशंकर तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने सुशील तिवारी के पास से एक मोबाइल फोन और शिवशंकर तिवारी के पास से 450 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सुशील तिवारी पर पहले से एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।


