पंजाब के पटियाला शहर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके 22 नंबर फाटक के पास दिन-दिहाड़े पूर्व (सबका) सरपंच करमजीत सिंह पर करीब आधा दर्जन हमलावरों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें बदमाशों की गुंडागर्दी साफ नजर आ रही है। कार से निकालकर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि पूर्व सरपंच करमजीत सिंह अपनी कार से जा रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों को तेजधार हथियारों के साथ आते देख करमजीत सिंह अपनी जान बचाने के लिए कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकले और वहां से भागने लगे। लेकिन बदमाशों ने उन्हें सड़क पर दौड़ा लिया और घेरकर बेहद बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमलावर उन्हें लहूलुहान करने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल करमजीत सिंह को तुरंत पटियाला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। कोर्ट की पेशी पर जा रहे थे सरपंच, बदमाशों ने आगे अड़ाई गाड़ी मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना 15 मई की है। पूर्व सरपंच करमजीत सिंह अपनी कार में सवार होकर कोर्ट में चल रहे एक केस की पेशी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह 22 नंबर फाटक के पास पहुंचे तभी एक्टिवा और एक हरियाणा नंबर की गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने उनकी कार को आगे से घेर लिया और वारदात को अंजाम दिया। करोड़ों की जमीन का विवाद: अस्पताल में रो पड़ी पत्नी अस्पताल में रोते हुए घायल करमजीत सिंह की पत्नी ने इस हमले के पीछे की गहरी साजिश का पर्दाफाश किया है। पत्नी के मुताबिक यह पूरा विवाद उनकी पुश्तैनी और करोड़ों की जमीन को बचाने से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया पटियाला शहर के ही कुछ रसूखदार लोगों ने पहले उनके पति से जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की। इसके बाद आरोपियों ने सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर (टेंपरिंग) करवाकर उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। इस धोखाधड़ी के खिलाफ परिवार ने कोर्ट में केस दायर किया था, जिसे वे जीत भी गए थे और अपनी कुछ जमीनों से कब्जा वापस ले लिया था। लेकिन आरोपी जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवा रहे थे और लगातार उन पर कोर्ट केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित परिवार ने पटियाला पुलिस और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पत्नी ने खुलासा किया कि उनके पति को लंबे समय से अपनी जान का खतरा था। उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कई बार पुलिस के उच्च अधिकारियों और डीसी (DC) पटियाला को लिखित शिकायतें सौंपी थीं। अभी कुछ दिन पहले ही हमारे परिवार ने पुलिस को एक और एप्लीकेशन देकर साफ कहा था कि करमजीत सिंह की जान को गंभीर खतरा है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। अगर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो आज यह दिन न देखना पड़ता।” पुलिस की कार्रवाई: 8 लोगों पर FIR दर्ज, तलाश जारी वारदात का वीडियो सामने आने और परिवार के बयानों के बाद पटियाला पुलिस तुरंत हरकत में आई है। पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इनमें से 7 आरोपी नामजद (By Name) हैं, जबकि 1 अज्ञात हमलावर है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


