शिवपुरी में अमर शहीद तात्या टोपे के बलिदान दिवस पर शनिवार को दो दिवसीय शहीद मेले का शुभारंभ हुआ। समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और विद्यार्थियों ने वीर सपूत को नमन किया। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र जैन और कलेक्टर अर्पित वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य वक्ता प्रो. दिग्विजय सिंह सिकरवार ने तात्या टोपे के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और बलिदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान तात्या टोपे के वंशज सुभाष टोपे का सम्मान भी किया गया। प्रभात फेरी और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई शुरुआत बलिदान दिवस पर सुबह जिला प्रशासन द्वारा पुरानी जिला जेल से प्रभात फेरी निकाली गई। हाथों में मशाल लिए अधिकारी-कर्मचारी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाधि स्थल पहुंचे, जहां ध्वजारोहण, गार्ड ऑफ ऑनर और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। स्वराज संस्थान संचालनालय और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। जनसंपर्क विभाग की योजनाओं से जुड़ी फोटो प्रदर्शनी और सैनिकों के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। दूसरे दिन होगा कवि सम्मेलन, देशभर के कवि होंगे शामिल शहीद मेले के दूसरे दिन रविवार शाम 7 बजे कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से आए कवि ओज, हास्य, श्रृंगार और गीत विधाओं में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।


