Kota Weather Update: कोटा शहर में मंगलवार को दिन और रात के तापमान में कमी आई लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। दिनभर सड़कें तवे सी तपती रही और लू के थपेड़े पड़ते रहे। दुपहरी में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम ही रही। वहीं तेज गर्मी के कारण कोटा में गर्मी के कारण स्कूटी में आग लग गई। वहीं अगले 4 दिन मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में बारिश की संभावना भी जताई है।
ऐसा रहा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान में 2.2 और न्यूनतम में 3.6 डिग्री गिरावट रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री से मंगलवार को 43.5 पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान सोमवार को 31 डिग्री था जो मंगलवार को 27.4 डिग्री रहा।
तापमान कम होने पर भी लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। दिन में गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को घर में रहने को मजबूर कर दिया। भीषण गर्मी में तवे सी तप रही शहर की सड़कों पर मंगलवार को नगर निगम ने पानी का छिड़काव करवाया। इससे वाहन चालकों को कुछ राहत मिली।
बाजार में साफी, टोपी व चश्मों की बिक्री बढ़ी
झुलसाती गर्मी का दौर शुरू होने के बाद ही बाजार में साफी, टोपी और चश्मों की बिक्री बढ़ गई है। इसके अलावा हाथों पर पहनने के लिए ग्लब्स और गर्मी से बचने के लिए कॉटन के एप्रिन और रूमाल की भी बिकवाली बढ़ गई है।
दिनचर्या और खानपान भी बदलाव
गर्मी के तेज होने के साथ ही लोगों की दिनचर्या भी बदल गई है। लोग अब दोपहर में घरों से निकलने के बजाए सुबह-शाम निकल रहे है। ऐसे में सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम हो गई है। इसके अलावा शीतल पेय, ज्यूस और गन्ने के रस की मांग बढ़ गई है।
स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग
अत्यधिक गर्मी एवं लू के कारण बच्चों के स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर अभिभाषक परिषद ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया है।
परिषद महासचिव शंभू सोनी ने बताया कि कोटा में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप है। तापमान पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़कर अत्यधिक उच्च स्तर पर पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से छोटे बच्चों के लिए इस भीषण गर्मी में प्रतिदिन स्कूल जाना जोखिमपूर्ण हो गया है, बच्चों में लू लगने, डिहाइड्रेशन तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की आशंका निरंतर बनी हुई है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है। परिषद अध्यक्ष भारत सिंह अड़सेला, उपाध्यक्ष कैलाश बामनिया, संयुक्त सचिव उल्लास शर्मा, पुस्तकालय सचिव फूल सिंह भाटी, सांस्कृतिक सचिव प्रतिभा सोनी व कार्यकारिणी सदस्य हर्षित गौतम समेत अन्य वकील मौजूद रहे।


