सतना कलेक्ट्रेट परिसर में ड्यूटी के दौरान एक बड़े बाबू का सोते हुए वीडियो सामने आया है। सोमवार दोपहर यह घटना उस समय हुई जब कलेक्टर सभागार में टीएल मीटिंग ले रहे थे। वीडियो में बड़े बाबू नींद में खलल पड़ने पर गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में स्थित ट्राइबल विभाग में पदस्थ बड़े बाबू आशुतोष मिश्रा अपने दफ्तर की एक टेबल पर सोते हुए पाए गए। उन्होंने दफ्तर की फाइलों को तकिया बना रखा था। ‘मेरी नौकरी कोई नहीं छीन सकता’
वहां मौजूद कुछ लोगों और मीडिया कर्मियों ने उन्हें जगाने की कोशिश की और ड्यूटी के समय सोने का कारण पूछा। इस पर बड़े बाबू अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय भड़क उठे। वीडियो बनता देख उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने कैमरे के सामने खुलेआम चुनौती देते हुए कहा, ‘मेरी नौकरी कोई नहीं छीन सकता, जो उखाड़ना है उखाड़ लो।’ दफ्तर के भीतर इस तरह की अनुशासनहीनता प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इधर, इस घटनाक्रम पर प्रशासन की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।


