बूंदी के नमाना थाना क्षेत्र के गरडदा गांव में रविवार दोपहर शराब के ठेके पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने ठेके का गेट तोड़कर अंदर घुसते हुए सेल्समैन उदयलाल गुर्जर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में चार टांके आए हैं और एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, दूसरे सेल्समैन गिर्राज लागडी मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुरानी रंजिश के चलते पहुंचे हमलावर जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे गरडदा गांव स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन उदयलाल गुर्जर और गिर्राज लागडी मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। बाहर से गाली-गलौज करते हुए उन्होंने दोनों को बाहर निकलने के लिए कहा। गेट तोड़कर ठेके में घुसे बदमाश स्थिति बिगड़ती देख दोनों सेल्समैनों ने ठेके की कुंडी अंदर से बंद कर ली। इससे नाराज हमलावरों ने ठेके का गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गए। गेट खुलते ही उन्होंने उदयलाल गुर्जर को निशाना बनाते हुए लाठियों से हमला कर दिया।
गंभीर घायल, साथी ने बचाई जान हमले में उदयलाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा सेल्समैन गिर्राज लागडी मौके से भाग निकला। बाद में साथियों ने घायल उदयलाल को निजी वाहन से बूंदी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में चार टांके लगाने पड़े हैं और एक हाथ में फ्रैक्चर है। ‘बिना बात के अंदर घुसकर पीटा’ बूंदी के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती उदयलाल गुर्जर ने बताया कि उन्होंने सुबह करीब 10 बजे ठेका खोला था। कुछ देर बाद हमलावर लाठियां फटकारते हुए वहां पहुंचे और बिना किसी बात के जबरन अंदर घुसकर उनके साथ मारपीट की। पर्चा बयान के बाद होगी कार्रवाई नमाना थानाधिकारी माया बैरवा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर भेजा गया। शाम 5 बजे तक मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। घायल के पर्चा बयान लेने के लिए पुलिस टीम बूंदी भेजी गई है। बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


