करुण कौड़ा: न बेटी भगाई, न चिट्टा बेचा:विधायक जौड़ामाजरा की टिप्पणी पर दी तीखी प्रतिक्रिया

करुण कौड़ा: न बेटी भगाई, न चिट्टा बेचा:विधायक जौड़ामाजरा की टिप्पणी पर दी तीखी प्रतिक्रिया

पटियाला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता करुण कौड़ा और आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक व पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा के बीच सियासी जंग तेज हो गई है। विधायक जौड़ामाजरा की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए करुण कौड़ा ने उन पर सीधा पलटवार किया। कौड़ा ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि उनके चरित्र पर उंगली उठाने वाले पहले खुद के गिरेबां में झांकें; उनके खिलाफ न तो किसी की बेटी या बहन को भगाकर ले जाने का कोई मामला दर्ज है और न ही उन पर ‘चिट्टा’ (नशा) या अफीम बेचने जैसे कोई संगीन आरोप हैं। उन्होंने हत्या जैसे गंभीर मामलों में भी अपनी किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इनकार किया। ‘राजनीतिक द्वेष का नतीजा हैं मामले, डरने वाला नहीं’ भाजपा नेता करुण कौड़ा ने दावा किया कि उनके खिलाफ दर्ज दिखाए जा रहे सभी मामले पूरी तरह से राजनीतिक द्वेष और बदले की भावना का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से जनता के अधिकारों और उनकी समस्याओं के लिए आवाज उठाते आए हैं, इसी वजह से उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। कौड़ा ने मोबाइल चोरी, 3,000 रुपये की चोरी और ट्रैक्टर चोरी जैसे मामलों को पूरी तरह हास्यास्पद और बेबुनियाद बताया। उन्होंने विपक्ष को ललकारते हुए कहा कि वह इस तरह के झूठे मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं और जनता के हकों के लिए उनका जमीनी संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। ईंधन की कीमतों पर कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया राजनीतिक स्टंट इससे पहले, करुण कौड़ा ने राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (रसोई गैस) की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि तेल और गैस की कीमतें वैश्विक संकटों, कच्चे तेल के बाजार और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण तय होती हैं, जिन पर किसी एक सरकार का पूरा नियंत्रण नहीं होता। कौड़ा ने विपक्षी दलों से अपील की कि वे देश की आर्थिक स्थिति को समझने के बजाय ऐसे वैश्विक मुद्दों पर सस्ती राजनीति करना बंद करें और देशहित को प्राथमिकता दें। SIR से साफ होगी मतदाता सूची, 2027 में बनेगी भाजपा सरकार फर्जी वोटों पर प्रहार: एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया पर अपनी बात रखते हुए करुण कौड़ा ने कहा कि इस पारदर्शी व्यवस्था से मतदाता सूची में शामिल फर्जी दस्तावेजों और गलत तरीके से बनाई गई वोटों की आसानी से पहचान हो सकेगी। इसके साथ ही, इलाके में अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध लोगों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मिशन 2027 का दावा: भाजपा संगठन की पीठ थपथपाते हुए कौड़ा ने कहा कि पंजाब में पार्टी का ढांचा बेहद मजबूत हो चुका है। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताते हुए दावा किया कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार के कुप्रबंधन से तंग आ चुकी है और साल 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ पंजाब में भाजपा की सरकार बनना तय है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *