इस्लामपुर में चुनावी हेलीकॉप्टर की अचानक लैंडिंग से बच्चों में भगदड़ मच गई और कई बच्चें घायल हो गए। सुरक्षा इंतजामों की कमी पर प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है, प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है।
Islampur Helicopter Landing: पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर में सोमवार दोपहर एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान अचानक हेलीकॉप्टर की लैंडिंग से अफरा-तफरी मच गई, जिसमें कई बच्चे घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब ग्राउंड पर कई बच्चे खेल रहे थे और किसी को भी आने वाले खतरे का अंदाजा नहीं था। कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी के सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी के कैंपेन हेलीकॉप्टर की अचानक लैंडिंग हुई, जिसके कारण बच्चे घबराकर भागने लगे और इस दौरान कई बच्चे गिरकर घायल हो गए।
हेलीकॉप्टर उतरने से मची भगदड़
घटना इस्लामपुर सबडिविजनल कोर्ट के मैदान में हुई, जहां करीब 50 से 60 बच्चे खेल रहे थे। जैसे ही हेलीकॉप्टर नीचे उतरने लगा, तेज हवा और धूल के कारण बच्चों को कुछ दिखाई नहीं दिया और वे घबराकर भागने लगे। इस भगदड़ में कई बच्चे गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं। एक बच्चे अशरफ अली ने बताया कि हेलीकॉप्टर अचानक नीचे आने लगा और धूल के कारण कुछ समझ नहीं आया, जिससे सभी डरकर भागने लगे।
सुरक्षा में बड़ी चूक, न पुलिस बल, न एंबुलेंस मौजूद
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान कोई सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी। न पुलिस बल, न फायर सर्विस और न ही एंबुलेंस मौके पर थी। यह लापरवाही प्रशासन और चुनावी आयोजकों दोनों पर सवाल खड़े करती है। घटना के बाद पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया। अब प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
घटना के बाद रोड शो को किया रद्द
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि सभी जरूरी परमिशन पहले ही ले ली गई थी और प्रशासन को पूरी जानकारी दी गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सूचना थी तो सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए। इस घटना के बाद मनोज तिवारी का रोड शो भी रद्द कर दिया गया, हालांकि इसके पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।


