डूंगरपुर। धंबोला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत उपला रास्ता के हांसेला गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया 11 वर्षीय बालक डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार हांसेला निवासी रोहित पुत्र प्रकाश खांट शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित तालाब में नहाने गया था।
यह वीडियो भी देखें
नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में उतरकर बालक की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद रोहित को पानी से बाहर निकाला गया और निजी वाहन से सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतक के पिता प्रकाश पुत्र कानजी खांट की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सरपंच ताराचंद बरांडा ने बताया कि रोहित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मातरिया में छठी कक्षा का छात्र था। परिवार में दो भाइयों और एक बहन के बीच वह दूसरे नंबर पर था। गांव में बालक की मौत के बाद मातम का माहौल है।
युवक की मौत
वहीं डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र के चौकी धावड़ी फला गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के भाई प्रभुलाल पुत्र स्वर्गीय हाजा रोत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई दिनेश रोत घर से किराणा दुकान पर सामान लेने पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तुरंत जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


