फर्रुखाबाद के नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में ब्लॉक के रोजगार सेवक की मौत हो गई। जियो कार्यालय के सामने एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सीधे डंपर के पहियों के नीचे आ गए। पहियो में फंसने से 10 मीटर तक घसीटता रहा, जिससे मांस के लोथड़े सड़क पर गिर गए। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और डंपर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना से जुड़ी तस्वीरें… पूरी खबर पढ़िए… हरदुआ गांव निवासी विपिन कुमार ब्लॉक में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत थे। सोमवार शाम लगभग छह बजे वह ब्लॉक से अपनी बाइक पर नवाबगंज बाईपास अचरा तिराहा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विपिन कुमार उछलकर डंपर के पहियों के नीचे फंस गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर के पहियों में फंसे विपिन के क्षत-विक्षत शव को निकालने का प्रयास शुरू किया। क्राइम इंस्पेक्टर संजय कुमार राय, एसआई जगराम और कमलेश ने पुलिसकर्मियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। शव को तुरंत ई-रिक्शा से नवाबगंज सीएचसी भिजवाया गया। इस दौरान नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। सीएचसी पहुंचने पर मृतक की मां मीरा देवी, पत्नी नीलम, पुत्रियां अनामिका, अनुष्का, अनन्या और पुत्र युवराज के साथ-साथ छोटे भाई बरुण कुमार शव देखकर बिलखने लगे। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया था। वह चौराहे की तरफ आया और वहां मिले एसआई सत्यनारायण को घटना की जानकारी दी। एसआई सत्यनारायण चालक को अपनी बाइक पर बैठाकर थाने ले आए, जहां उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने डंपर को भी कब्जे में ले लिया है।


