उदयपुर में एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गीतांजली मेडिकल कॉलेज के पास संचालित एक रेस्टोरेंट से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। आरोप है कि रेस्टोरेंट की आड़ में कॉलेज स्टूडेंट्स को नशे की सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड की मदद से रेस्टोरेंट के किचन में छिपे गांजे को बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी गगन मेनारिया को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। रेस्टोरेंट की किचन में मिला गांजा, पुलिस के डॉगी ने खोजा
एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि गीतांजली हॉस्पिटल रोड स्थित बाघ व्यू काठियावाड़ी रेस्टोरेंट पर एक युवक अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचने का काम कर रहा है। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज स्टूडेंट्स को गांजा सप्लाई किया जा रहा था। जिससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था। सूचना के बाद एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट में दबिश दी। डॉग स्क्वाड रेस्टोरेंट के किचन एरिया में जाकर सूंघने लगा और एक स्थान पर बार-बार संकेत देने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने किचन में रखी एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली की जांच की। जिसमें से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 351.3 ग्राम गांजा जब्त किया। हिरण मगरी सेक्टर-4 निवासी आरोपी गगन मेनारिया(19) को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रेस्टोरेंट की आड़ में कॉलेज के आसपास आने वाले युवाओं को निशाना बनाकर मादक पदार्थ बेच रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


