प्रतापगढ़ में एक किडनैपर कमलेश पटेल की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के छोटे भाई ने दावा किया है कि कमलेश को मारकर उसका शव लटकाया गया है। भाई ने आरोप लगाया कि कमलेश की बगल की एक महिला से बातचीत होती थी। उसने यह भी कहा कि महिला के साथ मिलकर साजिश रचकर कमलेश की हत्या करवाई गई है। मामला जौनपुर जनपद के मुंगरा बादशाहपुर के धरमपुर गांव से जुड़ा है। शनिवार को कमलेश पटेल ने ऋषि (7) नाम के बच्चे को स्कूल से बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया था।
रविवार को कमलेश का शव प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र के खाखापुर गांव में एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला था। पेड़ के नीचे कुछ दूरी पर अपहृत बच्चा ऋषि भी बेहोशी की हालत में पाया गया। आशंका है कि बच्चे को जहरीला पदार्थ दिया गया था। ऋषि के पिता ने शनिवार को मुंगरा बादशाहपुर थाने में बेटे के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। फिलहाल ऋषि का प्रयागराज में इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। शुरुआत में कमलेश द्वारा पुलिस से बचने के लिए आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब परिजनों के आरोपों के बाद जौनपुर पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


