टीकमगढ़ के पठारी गांव के पास सोमवार शाम करीब 5 बजे शराब से भरा एक पिकअप बेकाबू होकर पलट गया। वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया, जिससे 11 केवी हाईटेंशन लाइन का खंभा टूट गया और तार जमीन पर गिर गए। हादसे के वक्त वाहन में सवार चालक समेत तीन लोग सुरक्षित बच गए। खंभा टूटने से हाईटेंशन लाइन के तार गिरे पिकअप की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा बीच से टूट गया और हाईटेंशन लाइन के तार सड़क पर आ गिरे। सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कर दी। ग्रामीणों के अनुसार, समय रहते बिजली कटने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा तार की चपेट में आने से जनहानि हो सकती थी। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलें दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन जतारा से उपरारा स्थित शासकीय शराब दुकान के लिए शराब लेकर जा रहा था। वाहन पलटने से उसमें लदी शराब की पेटियां और बोतलें सड़क पर बिखर गईं। मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद चंदेरा थाना पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर पुलिस बल तैनात घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि लोग टूटे हुए तारों और वाहन के करीब न जाएं। शराब दुकान के संचालक भी मौके पर पहुंच चुके हैं। चंदेरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


