बालोद जिला अस्पताल के मरीज तेज गर्मी में पानी के लिए परेशान है। 44 डिग्री तापमान में मरीज अस्पताल के अंदर तप रहे हैं। बीते डेढ़ माह से जिला अस्पताल के तीन बोर सूख गए हैं। यहां जिला अस्पताल प्रबंधन नगर पालिका से प्रतिदिन 500 रुपए प्रति टैंकर पानी खरीद रहा है। 200 बिस्तर वाले जिला अस्पताल में पानी की खपत एक दिन में लगभग 8 हजार लीटर है, लेकिन रोज 6 हजार लीटर पानी उपलब्ध हो रहा है।
आधे से एक घंटे पानी दिया जाए
अब मांग हो रही है कि जिला अस्पताल को सीधे तांदुला जलाशय से पाइपलाइन कनेक्शन दिया जाए या फिर मुख्य पाइपलाइन से आने वाले पानी को आधे से एक घंटे पानी दिया जाए, जिससे टंकी पर्याप्त भर जाए। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की एक ही मांग है हर हाल में जिला अस्पताल में पर्याप्त पानी की सुविधाएं हो।

नगर पालिका से दो टैंकर से पानी सप्लाई
जिला अस्पताल व मातृ शिशु अस्पताल में पानी की बहुत ज्यादा किल्लत है। लोग बाहर से पानी लाने को मजबूर हैं। जिला अस्पताल प्रबंधन पानी की समस्या के बारे में कलेक्टर को भी अवगत करा चुके हैं। फिलहाल जिला प्रशासन ने पानी के लिए कोई पहल नहीं की है।
यह भी पढ़े :
जनवरी से अप्रैल तक 78 चोरी, सूने घर को निशाना बना रहे चोर
44 डिग्री तापमान में कूलर पंखे उगल रहे आग
जिला अस्पताल व मातृ शिशु अस्पताल में मरीजों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए कूलर, पंखे व एसी लगाए गए हैं। एसी काम नहीं कर रहा है। वहीं कूलर भी गर्म हवा दे रहा है। कूलर में पानी डालने के लिए पानी नहीं है। कुछ कूलर में मरीजों के परिजन ही पानी डालते नजर आए।
पालिका व पीएचई ने किया सिर्फ निरीक्षण
जिला अस्पताल प्रबंधन ने जिला व मातृ शिशु अस्पताल में पानी की समस्या के बारे जिला कलेक्टर को अवगत कराया था। इसके बाद जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पालिका व पीएचई के अधिकारी आए थे। यहां निरीक्षण कर चले गए, लेकिन दोबारा कोई पहल नहीं की गई है।
यह भी पढ़े :
डेढ़ साल से टंकी सूखी, ग्रामीण खरीद कर पी रहे पानी
शौच व नहाने के लिए भी कम पड़ रहा पानी
जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके परिजन शौच व नहाने के लिए पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। यहां पानी की किल्लत को देखकर कई मरीजों के परिजन जिला अस्पताल से लगभग 300 मीटर दूर तांदुला जलाशय नहाने जाते हैं।
नगर पालिका से टैंकर मंगाया जा रहा है
जिला अस्पताल बालोद के सिविल सर्जन डॉ. एसके श्रीमाली ने कहा कि जिला अस्पताल व मातृ शिशु अस्पताल के बोर सूख गए हैं। हमने इसकी जानकारी शासन व प्रशासन को दे दी है। मरीजों को परेशानी न हो, इसलिए नगर पालिका से टैंकर मंगाया जा रहा है। पानी की समस्या को दूर करने पहल करना जरूरी है।


