कासगंज में एक सड़क हादसे में एक चिकित्सक की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के चांडी रोड पर हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान ढोलना थाना क्षेत्र के सलेमपुर लाला निवासी 26 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है, जो बदायूं मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के पद पर कार्यरत थे। वह अपने गांव के साथी आकाश पुत्र वीरेंद्र के साथ बाइक से सहावर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी कार्यक्रम से वापस लौटते समय, कासगंज कोतवाली क्षेत्र के चांडी रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में डॉक्टर पवन कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


