जालोर को दिल्ली-जयपुर से जोड़ने वाली भुज एक्सप्रेस फुल:शुरुआती दिनों में ही 100% यात्रीभार; रेलमंत्री ने दिखाई थी हरी झंडी

जालोर को दिल्ली-जयपुर से जोड़ने वाली भुज एक्सप्रेस फुल:शुरुआती दिनों में ही 100% यात्रीभार; रेलमंत्री ने दिखाई थी हरी झंडी

हाल ही में शुरू की गई नई ट्रेन भुज-दिल्ली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19403/19404) रेलवे की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतर रही है। संचालन के शुरुआती दिनों में ही यह रेलसेवा हाउसफुल चल रही है और दोनों दिशाओं में लगातार 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है। इससे साफ है कि इलाके के यात्रियों को लंबे समय से इस नई ट्रेन का इंतजार था। वाया जालोर-पाली मारवाड़ होकर चलने वाली ट्रेन संख्या 19403 भुज-दिल्ली एक्सप्रेस को यात्रियों का शानदार रिस्पांस मिल रहा है। 24 मई से 27 मई तक लगातार 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज होना यात्रियों के बढ़ते विश्वास और ट्रेन की लोकप्रियता को दर्शाता है। इसी प्रकार वापसी दिशा में संचालित ट्रेन संख्या 19404, दिल्ली-भुज एक्सप्रेस में भी यात्रियों की भारी डिमांड देखने को मिल रही है। ग्रीष्मावकाश (सैलानी सीजन) के दौरान शुरू की गई यह दैनिक ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है। यात्रियों के बीच बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, नई ट्रेन के संचालन के मात्र चार दिनों के आंकड़ों में ही आवागमन ऑक्यूपेंसी 100 प्रतिशत से अधिक दर्ज होना इसकी उपयोगिता, मांग और यात्रियों के बीच बढ़ती लोकप्रियता को प्रमाणित करता है। रेलवे का मानना है कि आगामी दिनों में भी इस रेलसेवा में यात्रियों की भारी भीड़ बनी रहेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई थी हरी झंडी उल्लेखनीय है कि 22 मई 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वयं जालोर रेलवे स्टेशन से इस नई रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ट्रेन राजस्थान, गुजरात और दिल्ली के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदान कर रही है। खास बात यह है कि जालोर को पहली बार जयपुर और दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिली है, जिससे जालोर एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के हजारों प्रवासियों और स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *