हरदोई में डीएम चौराहे से अशोक स्तंभ हटाने की चर्चा:मौर्य समाज में गुस्सा, डीएम के आश्वासन पर टला प्रदर्शन

हरदोई में डीएम चौराहे से अशोक स्तंभ हटाने की चर्चा:मौर्य समाज में गुस्सा, डीएम के आश्वासन पर टला प्रदर्शन

हरदोई के डीएम चौराहे से सम्राट अशोक स्तंभ हटाए जाने और उसकी जगह किसी अन्य महापुरुष की प्रतिमा स्थापित करने की चर्चाओं ने शुक्रवार को राजनीतिक और सामाजिक तनाव पैदा कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टों के बाद मौर्य, कुशवाहा, शाक्य और सैनी समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, सम्राट सेना सहित कई संगठनों ने 30 मई को बड़े प्रदर्शन और चौराहे पर इकट्ठा होने की घोषणा की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, शुक्रवार को सम्राट सेना और समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अनुनय झा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में सम्राट सेना के जिलाध्यक्ष सुनीत मौर्य, सपा नेता अरुण मौर्य, छविनाथ कुशवाहा, सुरेश कुशवाहा, इन्द्रपाल कुशवाहा और सुमित कुशवाहा सहित कई सदस्य शामिल थे। समाज के लोगों ने डीएम के समक्ष अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण मांगा। जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि डीएम चौराहे पर स्थापित पुराना अशोक स्तंभ कुछ वर्ष पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान नया सम्राट अशोक स्तंभ स्थापित किया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कलेक्ट्रेट रोड चौड़ीकरण और डीएम चौराहे के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके कारण स्तंभ को अस्थायी रूप से हटाया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सम्राट अशोक स्तंभ को सम्मानपूर्वक उसी स्थान पर पुनः स्थापित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अन्य प्रतिमा को स्थापित करने की कोई योजना नहीं है। जिलाधिकारी के इस आश्वासन के बाद, सम्राट सेना और समाज के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित आंदोलन और सोशल मीडिया अभियान को वापस लेने की घोषणा की। इस मामले को लेकर पूरे दिन शहर में गहमागहमी बनी रही। प्रशासन की ओर से स्पष्टीकरण आने के बाद स्थिति सामान्य होती दिखी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *