डीएम-एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए की बैठक:कानपुर देहात में निष्पक्ष आयोजन हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

डीएम-एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए की बैठक:कानपुर देहात में निष्पक्ष आयोजन हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

कानपुर देहात में आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जानकारी दी कि आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा जनपद के छह केंद्रों पर दो पालियों में होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में लगभग 2448 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा केंद्रों का दोबारा भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने पेयजल, शौचालय, बिजली, पंखे, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया, ताकि अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक को सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की व्यवस्था मजबूत रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के आदेश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने यातायात और परिवहन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बने और अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नकल, अनुशासनहीनता या परीक्षा को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *