Diesel Price Hike: डीजल महंगा होने का खतरा! बंद पड़ सकते हैं 30% ट्रक, ड्राइवरों की चेतावनी से बढ़ी टेंशन

Diesel Price Hike: डीजल महंगा होने का खतरा! बंद पड़ सकते हैं 30% ट्रक, ड्राइवरों की चेतावनी से बढ़ी टेंशन

Diesel Price Hike India: भारत में जल्द ही डीजल की कीमतों में तेजी देखी जा सकती है। मिडिल ईस्ट में चल रहा संकट इसकी सबसे बड़ी वजह बनकर उभर रहा है। वर्तमान समय में वैश्विक ऊर्जा बाजार अस्थिर बना हुआ है और इसका सीधा असर भारत जैसे कई इंपोर्ट देशों पर पड़ रहा है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और समुद्री आपूर्ति मार्गों में आई बाधा के कारण कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है।

नेशनल हाईवे ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, इन बढ़ती कीमतों का असर जल्द ही भारत में डीजल की कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी के रूप में देखा जा सकता है। यदि डीजल की कीमतों में तेजी होती है तो ट्रांसपोर्ट और सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।

ग्लोबल ऑयल क्राइसिस

मिडिल ईस्ट में संकट के चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। भारत अपनी कुल तेल जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए वैश्विक कीमतों में बदलाव का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ता है। फिलहाल सरकारी तेल कंपनियां उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कीमतों को स्थिर बनाए हुए हैं, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं टिक पाएगी और जल्द ही डीजल महंगा हो सकता है।

ट्रक ऑपरेटरों की चेतावनी

देशभर के ट्रक ऑपरेटरों ने पहले ही ईंधन संकट के शुरुआती संकेत मिलने की बात कही है। कई जगहों पर पेट्रोल पंपों द्वारा डीजल की सीमित आपूर्ति की खबरें सामने आई हैं। इसके चलते ट्रक ड्राइवरों को बार-बार रुककर ईंधन भरवाना पड़ रहा है, जिससे डिलीवरी समय बढ़ रहा है। नेशनल हाईवे ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, यदि डीजल की कीमतों में तेजी आती है तो लगभग 30 प्रतिशत ट्रक संचालन से बाहर हो सकते हैं। इससे पूरे लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर दबाव बढ़ेगा।

सप्लाई चेन और महंगाई पर असर

भारत में करीब 75 प्रतिशत माल परिवहन सड़कों के जरिए होता है, इसलिए डीजल कीमतों में बढ़ोतरी का असर हर सेक्टर पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से जरूरी वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ सकती हैं, जिससे महंगाई में उछाल आ सकता है। कृषि उत्पाद, निर्माण सामग्री और रोजमर्रा के सामान की सप्लाई प्रभावित होने का खतरा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो यह स्थिति व्यापक आर्थिक दबाव में बदल सकती है और आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *