क्या खान सर के बॉडीगार्ड ने ही की फायरिंग? वायरल वीडियो के बाद जांच करने कोचिंग पहुंची पुलिस, दो गार्ड हिरासत में

क्या खान सर के बॉडीगार्ड ने ही की फायरिंग? वायरल वीडियो के बाद जांच करने कोचिंग पहुंची पुलिस, दो गार्ड हिरासत में

Khan Sir Coaching Firing: पटना के मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट के बाहर हुए हंगामे और तोड़फोड़ से जुड़े विवाद में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर खान सर के बॉडीगार्ड्स को हवा में गोलियां चलाते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो सामने आते ही पटना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस की एक टीम जांच के लिए कोचिंग इंस्टीट्यूट पहुंची, जहां पूछताछ के बाद, उन्होंने खान सर के कोचिंग सेंटर के दो सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में ले लिया है।

ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर ने वीडियो जारी किया

यह पूरी घटना 2 जून की रात की है, जब पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग इंस्टीट्यूट पर हमला हुआ था और वहां जमकर तोड़फोड़ और मारपीट हुई थी। शुरुआत में इस घटना को केवल एकतरफा हमले के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन अब ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर की तरफ से एक वीडियो जारी किया गया है। इस नए वीडियो ने मामले को पूरी तरह से घुमा दिया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो शख्स बंदूक में गोलियां लोड कर रहे हैं और फिर एक के बाद एक कई राउंड हवाई फायरिंग कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले ये दोनों लोग खान सर के ही निजी बॉडीगार्ड हैं।

दो गार्ड हिरासत में, हथियारों के लाइसेंस की होगी जांच

वीडियो वायरल होने के बाद मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खान सर के कोचिंग संस्थान से दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों गार्डों से इस समय एक अज्ञात स्थान पर गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वीडियो में गोली चलाते हुए दिख रहे व्यक्ति यही हैं या इसमें कोई और शामिल था। इसके अलावा, पुलिस इस बात का पता लगाने के लिए भी जांच कर रही है कि वीडियो में इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि करने के लिए वे एक तकनीकी टीम की मदद भी ली जा रही है।

गोलीबारी के दावों पर खान सर का यू-टर्न

इस पूरे मामले को लेकर खान सर के अपने बयानों ने भी लोगों को हैरान कर दिया है। घटना की रात, जब मीडिया और पुलिस मौके पर पहुंची थी, तो खान सर ने कहा था कि उन्होंने खुद कम से कम 10 राउंड गोलियां चलते हुए देखी थीं। हालांकि, बाद में खान सर ने इस बयान से पूरी तरह से पलटी मार ली। सफाई देते हुए उन्होंने बताया कि उस रात माहौल इतना डरावना और अफरा-तफरी भरा हो गया था कि वे खुद पूरी तरह से समझ नहीं पा रहे थे कि क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि उस पल की घबराहट में, उन्होंने बस वही दोहरा दिया जो उनके गार्ड्स ने उन्हें बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *