dholpur, मनियां. आसमान से बरस रही आग और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जिले के ग्रामीण इलाकों में जल संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी के इस दौर में मनियां क्षेत्र का मांगरोल गांव पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए रोजाना कई किलोमीटर दूर भटकना पड़ रहा है। गांव में लगे अधिकतर हैंडपंप खराब पड़े हैं, जबकि पिछले करीब 10 दिनों से नलों में पानी नहीं आने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
गांव में दो पानी की टंकियां और दो हौद बने होने के बावजूद ग्रामीणों को राहत नहीं मिल पा रही। सुबह होते ही महिलाओं और बच्चों की कतारें पानी की तलाश में गांव से बाहर निकल जाती हैं। कोई सिर पर मटके रखकर पानी ला रहा है तो कोई टेम्पो, पिकअप और जुगाड़ वाहनों से पानी ढोने को मजबूर है। गांव में हर तरफ पानी को लेकर हाहाकार जैसी स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीण महिला नत्थोदेवी ने बताया कि करीब 15 दिनों से नलों में पानी नहीं आया है। ऐसे में दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। कई बार तेज धूप में घंटों तक पानी ढोना पड़ता है। उन्होंने बताया कि लगातार सिर पर मटके रखकर पानी लाने के कारण महिलाओं की तबीयत भी खराब होने लगी है।
ग्रामीण घनश्याम शर्मा ने बताया कि गांव में पिछले 10 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है। लोगों को करीब 2 किलोमीटर दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गांव का राजकुमार नाम का युवक रोजाना अपने टेम्पो में मनियां से चार ड्रम पानी भरकर गांव लेकर आता है, तब जाकर परिवारों की जरूरत पूरी हो पाती है।
गांव के लोगों का कहना है कि जलदाय विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत जरूरत के लिए लोगों को इस तरह परेशान होना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बने हैंडपंपों की समय पर मरम्मत नहीं होने और नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है। दिनभर पानी की व्यवस्था में ही लोगों का समय निकल जाता है। गर्मी के बीच मांगरोल गांव में गहराया यह जल संकट अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। गांव के लोग प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए दर-दर भटकना न पड़े।
नहीं मिल रही पर्याप्त बिजली
उधर, जलदाय विभाग के जेईएन धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि समय पर पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण पानी सप्लाई प्रभावित हो रही है। पहले 6 से 8 घंटे बिजली मिलती थी, तब ऐसी समस्या नहीं थी। अब कम बिजली मिलने से पानी की सप्लाई बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा।


