गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग तेज:4,353 लोगों ने किया समर्थन, 27 अप्रैल को ‘गौ सम्मान दिवस’

गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग तेज:4,353 लोगों ने किया समर्थन, 27 अप्रैल को ‘गौ सम्मान दिवस’

मुजफ्फरनगर में गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर गौ सेवकों ने एक अभियान चलाया है। इसी कड़ी में शनिवार को शहर के शिव चौक पर ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लेकर अपनी मांग का समर्थन किया। प्रमुख गौ सेवक नीशू के नेतृत्व में यह अभियान सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चला। दिनभर चले इस हस्ताक्षर अभियान में कुल 4353 लोगों ने गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग का समर्थन किया। इस अभियान को शहर के कई प्रमुख हस्तियों का समर्थन भी मिला। इनमें वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा और क्रांति सेवा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी जैसे लोग शामिल थे। गौ सेवक नीशू ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों तक गाय तथा गौवंश के सम्मान की मांग को पहुंचाना है। उन्होंने घोषणा की कि 27 अप्रैल को ‘गौ सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। नीशू ने अपनी मांगों को विस्तार से बताया। इनमें गाय को राष्ट्र माता घोषित करना, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना, गौ सेवा के लिए एक अलग केंद्रीय मंत्रालय बनाना और चारा सुरक्षा नीति लागू करना शामिल है। नीशू ने यह भी जानकारी दी कि यह अभियान केवल मुजफ्फरनगर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे देशभर में चलाया जा रहा है। इस अभियान के कार्यकारी प्रधान संरक्षक वेदलक्षणा गौ माता (आद्यशक्ति मां सुरभि) और अध्यक्ष नंदी बाबा (नीलमणि वृषभदेव) हैं। गौरतलब है कि गौ सेवक नीशू पिछले लगभग 15 दिनों से नंगे पांव रहकर आंदोलन कर रहे हैं। उनकी स्थानीय मांगों में गायों के लिए अलग श्मशान घाट की व्यवस्था करना और उनके अंतिम संस्कार के लिए नमक-कफन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी शामिल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *