तन पर वर्दी सजाकर पुलिस विभाग में सेवाएं देने का 385 युवाओं का सपना 25 अप्रैल को पूरा होने जा रहा है। प्रयागराज पुलिस लाइन में वर्ष 2025 की आरक्षित भर्ती के रिक्रूट सिपाहियों की पासिंग आउट परेड इस दिन आयोजित की जाएगी। करीब 9 महीने के कठिन आधारभूत प्रशिक्षण के बाद अब ये रिक्रूट्स फील्ड ड्यूटी के लिए तैयार हो गए हैं।
नौ महीने तक चला प्रशिक्षण
21 जुलाई से शुरू हुआ प्रशिक्षण 25 अप्रैल तक चला, जिसमें शारीरिक दक्षता, परेड, हथियार संचालन, कानून-व्यवस्था और व्यवहारिक पुलिसिंग से जुड़ी बारीकियों की ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब इन्हें विभिन्न थानों में तैनात कर व्यावहारिक अनुभव दिलाया जाएगा। सीएम, डीजीपी का लाइन संबोधन
इस बार का पासिंग आउट परेड समारोह खास रहेगा। पहली बार रिक्रूट्स को लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी राजीव कृष्ण का संबोधन लाइव सुनाया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज पुलिस लाइन में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, ताकि सभी रिक्रूट्स एक साथ इस संबोधन को देख और सुन सकें। पुलिस कमिश्नर लेंगे सलामी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार होंगे, जो परेड की सलामी (मान प्रणाम) ग्रहण करेंगे। परेड को लेकर पुलिस लाइन में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूरे परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है और देर रात तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाता रहा, ताकि समारोह भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
अफसरों ने मातहतों को परोसा खाना उधर पासिंग आउट परेड से पहले पुलिस लाइन में पारंपरागत तरीके से बड़ा खाना का आयोजन हुआ। इसमें पुलिस कमिश्नर समेत तमाम अफसर शामिल हुए और रिक्रूट आरक्षियों संग खाना खाया। इससे पहले अफसरों ने खुद रिक्रूट आरक्षियों को खाना परोसा और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी विवेक कुमार यादव, डीसीपी नीरज कुमार पांडेय समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।


