बाड़मेर में ऑनलाइन गेमिंग विवाद में व्यापारी पर जानलेवा हमला, हॉकी-लोहे के पाइप से पीटकर तोड़े पैर

बाड़मेर में ऑनलाइन गेमिंग विवाद में व्यापारी पर जानलेवा हमला, हॉकी-लोहे के पाइप से पीटकर तोड़े पैर

Barmer Businessman Attack : बाड़मेर। शहर के रॉय कॉलोनी क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग के लेन-देन को लेकर बुधवार को दिनदहाड़े एक व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बाइक पर आए दो युवकों ने व्यापारी को घेरकर हॉकी और लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में व्यापारी के दोनों पैर टूट गए, जबकि हाथ का अंगूठा भी फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

गंभीर घायल व्यापारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना रॉय कॉलोनी स्थित पांच बत्ती चौराहे के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार माहेश्वरी भवन के पास रहने वाले प्रवीण अग्रवाल (42) पुत्र रामकिशोर अग्रवाल किसी काम से वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने अचानक हॉकी और लोहे के पाइप से हमला शुरू कर दिया। लगातार वार होने से प्रवीण अग्रवाल सड़क पर गिर पड़े, लेकिन आरोपी वहां भी नहीं रुके और उन पर हमला करते रहे।

मौके से फरार हुए आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले आरोपी व्यापारी को गंभीर रूप से घायल कर चुके थे। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घायल की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी हेमराज सिंह निवासी मोढ़ा, जैसलमेर और चंद्रपाल सिंह निवासी चूली, बाड़मेर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

ऑनलाइन गेमिंग के लेन-देन को लेकर चल रहा था विवाद

पीड़ित प्रवीण अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले चार दिनों से उसका पीछा कर रहे थे। बुधवार को जैसे ही वह पांच बत्ती चौराहे के पास पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार ऑनलाइन गेमिंग के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *