Dausa Road: 7 महीने में बननी थी 9KM लंबी सड़क, डेढ़ साल बाद भी अधूरी, 12 गांवों के हजारों ग्रामीण परेशान

Dausa Road: 7 महीने में बननी थी 9KM लंबी सड़क, डेढ़ साल बाद भी अधूरी, 12 गांवों के हजारों ग्रामीण परेशान

दौसा-लालसोट। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ढुलमुल कार्यशैली के चलते लालसोट उपखंड मुख्यालय से खटवा गांव तक करीब 9 किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य डेढ़ साल बाद भी अधूरा पड़ा है। जबकि विभाग ने इस कार्य को 7 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन कार्य की रफ्तार बेहद धीमी रही।

गौरतलब है कि प्रदेश की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने वर्ष 2024-25 के बजट में 5 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से 9.25 किमी सड़क के नवीनीकरण व चौड़ीकरण की घोषणा की थी। इसके बाद जनवरी 2025 में निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन अब तक सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन गावों के लिए मुख्य सड़क मार्ग

dausa road news
क्षतिग्रस्त रोड से गुजरते वाहन। फोटो: पत्रिका

यह सड़क लालपुरा, नांगल अभयपुरा, मिर्जापुरा, प्रहलादपुरा, देवली, खड़ेेली, बिहारीपुरा, आगलाराम व यज्ञशाला सहित कई गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। साथ ही यह क्षेत्र सब्जी उत्पादन के लिए भी जाना जाता है, जिससे यहां प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

पूरा प्रोजेक्ट अभी अधूरा

विभाग के संवेदक ने कुछ स्थानों पर टुकड़ों में कार्य किया है, लेकिन पूरा प्रोजेक्ट अभी अधूरा है। उधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कार्य प्रगति पर है और संवेदक को 20 मई तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार सीसी व डामर का कार्य शेष है, जबकि पूर्व में नाला निर्माण, पाइपलाइन शिफ्टिंग व अतिक्रमण के कारण देरी हुई। देरी पर संवेदक के खिलाफ पेनल्टी भी लगाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *