देवास में पुलिस पदोन्नति अलंकरण समारोह भावुक पलों का गवाह बना। इस दौरान एक बेटे ने अपने पुलिसकर्मी पिता के कंधों पर सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के स्टार लगाए, वहीं दो बेटियों ने अपनी मां को पदोन्नति के स्टार पहनाकर उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। यह दृश्य सभागार में मौजूद सभी लोगों के लिए यादगार बन गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित हुआ समारोह पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में रविवार शाम को पदोन्नति अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत किया गया। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत ने पदोन्नत अधिकारियों की पुरानी फीती हटाकर उन्हें नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। परिवार की मौजूदगी ने समारोह को बनाया खास समारोह में पदोन्नत अधिकारियों के परिजन भी उपस्थित रहे। बेंगलुरु में कॉर्पोरेट क्षेत्र में कार्यरत एक पुत्र ने अपने पिता के कंधों पर एएसआई के स्टार लगाए। वहीं, दो बेटियों ने अपनी मां के कंधों पर स्टार सजाकर उनकी वर्षों की सेवा, संघर्ष और समर्पण को सम्मान दिया। इन भावुक क्षणों ने समारोह को केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे परिवार, सम्मान और उपलब्धि के उत्सव में बदल दिया। पदोन्नति के साथ बढ़ी जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करते हुए आमजन की सेवा में उत्कृष्ट कार्य करेंगे। प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत होने वालों में प्रआर 414 ईश्वर सिंह, प्रआर 454 इंदर सिंह और प्रआर 518 स्नेहलता गौड़ शामिल हैं।


