दरोगा ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का बोर्ड गिराया, VIDEO:हाथरस में ग्रामीणों के विरोध के बाद चौकी प्रभारी निलंबित

दरोगा ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का बोर्ड गिराया, VIDEO:हाथरस में ग्रामीणों के विरोध के बाद चौकी प्रभारी निलंबित

हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के बेरगांव में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर लगाए जा रहे एक बोर्ड को लेकर रविवार को विवाद हो गया। पोरा चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने इस बोर्ड को गिरा दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में संबंधित एसआई को निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीण गांव में अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के उपलक्ष्य में बोर्ड स्थापित कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने शिकायत की कि यह बोर्ड रास्ते के बीच में लगाया जा रहा है। इस शिकायत पर चौकी प्रभारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचते ही चौकी प्रभारी ने बोर्ड को अपने हाथ से गिरा दिया। इस पर ग्रामीणों की उनसे तीखी नोकझोंक हुई और वहां हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी प्रभारी के इस कृत्य से पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विवाद के दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें चौकी प्रभारी बोर्ड को गिराते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद समाज के लोगों ने विरोध दर्ज कराया और पुनः बोर्ड स्थापित किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह बोर्ड समाज के ही एक व्यक्ति ने अपनी निजी जमीन पर लगवाया था। दरोगा पर लोकमाता का अपमान करने आरोप ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का अपमान करने का आरोप लगाया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से संबंधित दरोगा को निलंबित कर दिया। क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि संबंधित एसआई को निलंबित कर दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *