वेस्टइंडीज में बना डाली खतरनाक पिच… हेलमेट पर लगी गुड लेंथ गेंद, हॉस्पिटल में भर्ती हुआ खिलाड़ी, रद्द करना पड़ा मैच

वेस्टइंडीज में बना डाली खतरनाक पिच… हेलमेट पर लगी गुड लेंथ गेंद, हॉस्पिटल में भर्ती हुआ खिलाड़ी, रद्द करना पड़ा मैच

Dangerous Pitch: वेस्टइंडीज चैंपियनशिप त्रिनिदाद और टोबैगो और लीवर्ड आइलैंड्स के बीच खेला जा रहा मैच रद्द करते हुए ड्रॉ घोषित कर दिया गया। यह फैसला मैदान पर एक घटित एक गंभीर घटना के बाद खतरनाक पिच की वजह से लिया गया। पिच इतनी खतरनाक थी कि गुड लेंथ गेंद बल्‍लेबाज के हेलमेट से जा टकराई। इसकी वजह से घायल हुए खिलाड़ी को स्‍ट्रेचर से लाया जाया गया और फिर हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना की पुष्टि की है।

अंपायरों ने पिच को बहुत खतरनाक माना

वेस्टइंडीज चैंपियनशिप के तहत सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा चार दिवसीय मैच मंगलवार सुबह समय से पहले खत्म हो गया। अंपायरों ने पिच को खेलने के लिए बहुत खतरनाक माना। लगातार खराब होती पिच की वजह से अंपायरों ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मैच को रद्द करने का फैसला लिया।

गेंद हेलमेट से टकराते ही गिरे लुइस

यह फैसला लीवर्ड आइलैंड्स की दूसरी पारी में एक चिंताजनक पल के बाद आया, जब त्रिनिदाद और टोबैगो के पेसर जेडन सील्स की एक गुड लेंथ गेंद तेज उठती हुई जेरेमिया लुइस के हेलमेट पर लगी। गेंद अचानक लेंथ से उछल गई, जबकि पिछली गेंद नीचे रह गई थीं। गेंद लगते ही लुइस गिर पड़े।

फिर उन्होंने गुस्से में अपने हेलमेट पर लात मारी। इसके बाद उन्हें मैदान पर मेडिकल मदद मिली और फिर स्ट्रेचर पर ले जाकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुताबिक, खिलाड़ी की हालत स्थिर है।

क्रिकेट वेस्टइंडीज की ओर से जारी किया गया ये बयान

क्रिकेट वेस्टइंडीज की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि क्यूरेटर से बातचीत के बाद अंपायरों ने यह तय किया कि पिच को ठीक नहीं किया जा सकता है। पिच खतरनाक है और मैच फिर से शुरू करने के लिए ठीक नहीं है। इसलिए मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया। मैच रद्द करने का फैसला कॉम्पिटिशन को नियंत्रित करने वाली शर्तों के अनुसार लिया गया है। इन शर्तों के तहत, जब ऑन-फील्ड अंपायर यह तय करते हैं कि खेल जारी रखना खतरनाक या गलत है तो खेल रोक दिया जाए।

बोर्ड ने दिलाया आगे के मैचों में सुरक्षित पिच का भरोसा

बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि टूर्नामेंट फाइनल समेत वेन्यू पर आने वाले मैचों से पहले सुधार के उपाय किए जाएंगे। बोर्ड ने कहा कि आगे के मैचों के लिए एक सुरक्षित और प्रतियोगी पिच तैयार की जाएगी। क्रिकेट वेस्टइंडीज सभी वेन्यू पर पिच की तैयारी और मैच ऑपरेशन के सबसे ऊंचे मानक को पक्का करते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देगा।

पहले दिन ही ये फैसला लेना चाहिए था

लीवार्ड आइलैंड्स के कोच वाइल्डन कॉर्नवाल ने इस घटना और पिच की हालत पर चिंता जताते हुए कहा कि वह अभी हॉस्पिटल में है। मुझे बस उम्मीद है कि उसके लिए सब कुछ ठीक हो जाएगा और कोई गंभीर नुकसान नहीं होगा। जो हुआ उसे देखना सच में बहुत बुरा था। वहीं, त्रिनिदाद और टोबैगो के कोच रयाद एमरिट ने कहा कि सच कहूं तो ढाई दिन तक बाउंस एक जैसा नहीं रहा। मेरे हिसाब से, अगर यही फैसला है तो उन्हें पहले दिन ही यह कर लेना चाहिए था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *