‘कमल से साइकिल है जलती, इस तरह रोने से किस्मत नहीं बदलती’, BJP ने अखिलेश को दी नसीहत, डिप्टी CM ने दिखाया आईना

‘कमल से साइकिल है जलती, इस तरह रोने से किस्मत नहीं बदलती’, BJP ने अखिलेश को दी नसीहत, डिप्टी CM ने दिखाया आईना

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी घमासान जारी है। सपा मुखिया अखिलेश यादव के कटाक्ष के बाद शुरू हुई बयानबाजी पर अब बीजेपी ने करारा जवाब दिया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘X’ पोस्ट के जरिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है और नसीहत दी है।

शायराना अंदाज में बीजेपी ने अखिलेश पर साधा निशाना

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शायराना अंदाज में अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। चौधरी ने अखिलेश यादव को ‘X’ पर टैग करते हुए लिखा- कमल से साइकिल है जलती, इस तरह रोने से किस्मत नहीं बदलती। सिर्फ तुष्टीकरण से सत्ता नहीं मिलती, हार की हैट्रिक से बौखलाहट है दिखती। पंकज चौधरी के अलावा डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला है।

अखिलेश पर भड़के डिप्टी CM

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने ‘X’ पर लिखा- सपा बहादुर अखिलेश यादव जी, आपके इशारों पर मर्यादा लांघकर फर्जी PDA परोसने वालों को उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता भली-भांति पहचानती है। सदन में आपकी भाषा और आचरण ही आपके समर्थकों की शैली और व्यवहार में साफ-साफ दिखाई पड़ते हैं। यही आपकी राजनीति की असल फितरत भी बेनकाब करते हैं।

केशव प्रसाद का दावा- 2047 तक सत्ता से दूर रहेगी सपा

केशव प्रसाद मौर्य ने आगे लिखा- साफ है कि 2027 क्या, 2047 तक भी सैफई परिवार का मुख्यमंत्री बनने का सपना अधूरा ही रहेगा। सपा का पूरा इतिहास अराजकता, जुल्म और गुंडागर्दी के काले पन्नों से भरा रहा है। जिसे प्रदेश की जनता अब दोबारा स्वीकार करने वाली नहीं है। उत्तर प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा और सुशासन कायम रहेगा।

केशव प्रसाद की अखिलेश को सलाह

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने एक दूसरे पोस्ट में लिखा- अखिलेश यादव जी, आपको एक नेक सलाह है कि आप गलतफहमियों का शिकार न बनें। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी और सरकार का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मेरे साथ समूचा भाजपा नेतृत्व और हर एक भाजपा कार्यकर्ता चट्टान की तरह एकजुट है।

केशव प्रसाद ने आगे लिखा- आपकी ‘सपा को सफा’ करने का हमारा संकल्प अटल है। बांटो और सत्ता हथियाने की आपकी सारी ‘कसरत’ धरी की धरी रह जाएगी। सपा की गुंडागर्दी और अराजकता हमेशा के लिए दफन हो जाएगी। 2017 व 2022 में आपका और आपकी सपा का जो हश्र हुआ था, उससे भी बुरा हाल 2027 में होने जा रहा है। यह गांठ बांध लीजिए।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की एक ‘X’पोस्ट से शुरू हुआ था। दरअसल, ब्रजेश पाठक ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ सोशल मीडिया पर एक फोटो पोस्ट किया था। इस फोटो पर पाठक ने कैप्शन लिखा- आज लखनऊ में उप मुख्यमंत्री- उत्तर प्रदेश सरकार, केशव प्रसाद मौर्य से स्नेहिल भेंटकर कुशलक्षेम जाना एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। पाठक की इस पोस्ट पर अखिलेश यादव ने निशाना साधा था। अखिलेश ने पाठक की इस पोस्ट पर सीएम योगी पर भी तंज कसा था। इसके बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *