तणी में दौड़ा मौत का करंट : रूपेली में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, मां जिंदगी से जंग में घायल

तणी में दौड़ा मौत का करंट : रूपेली में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, मां जिंदगी से जंग में घायल

सुजानगढ़. बीदासर-सुजानगढ़ सड़क मार्ग पर स्थित गांव रूपेली के एक घर में सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मृत्यु हो गई और एक महिला घायल हो गई जिसे सुजानगढ़ के राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया और इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह 6 बजे के करीब स्नान करने के बाद पोकर राम (65) पुत्र मगाराम जाट घर में लोहे के तार की तणी पर प्रतिदिन की तहरकपड़े सुखाने के लिए टांग रहे थे कि इसी दौरान तणी में आएं करंट की चपेट में वे आ गए। पिता को करंट लगने पर उन्हें बचाने के लिए उनका पुत्र पंकज (22) दौड़ा। उसने अपने पिता को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह स्वयं करंट की चपेट में आ गया। तभी पोकर राम की पत्नी चुन्नीदेवी आई लेकिन वह करंट के झटके से गिरकर घायल हो गई।

करंट की चपेट में आए तीनों जनों को परिजन और पड़ोसियों ने सुजानगढ़ के अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक रामरतन विशू ने पोकरराम व पंकज को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने घायल चुन्नीदेवी का इलाज शुरू किया। अस्पताल की सूचना पर बीदासर पुलिस के हेड कांस्टेबल महेश कुमार मीणा अस्पताल पहुंचे तथा दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंपा। इस बारे में पोकरराम के भतीजे धनाराम पुत्र दानाराम ने पुलिस को रिपोर्ट दी है।

ग्रामीण हुए गमगीन
गांव रूपेली (Village Rupeli) में हुई इस दर्दनाक हादसे पर जिसने भी सुना वह स्तब्ध रह गया। गांव के घर से पिता और पुत्र की मृत्यु पर गांव में माहौल गमगीन हो गया। गांव में छाए मातम में कोई आपस में ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार आसपास के घरों में चुल्हे तक नहीं जले।

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था पंकज
जानकारी के अनुसार पोकरराम के पांच लड़के व दो लड़कियां हैं जिनमें मृतक पंकज सबसे छोटा व अविवाहित था और वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पोकरराम के तीन लड़के रामलाल, कैलाश व हरिराम इटली रहते हैं, जबकि एक लड़का किशन सूरत रहता है। उनके आने के बाद ही गुरुवार को दाह संस्कार होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *