झालावाड़ पुलिस प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को कम करने के लिए एक विशेष यातायात जागरूकता अभियान शुरू किया है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में “आदर्श ट्रैफिक जोन” की अवधारणा लागू की जा रही है। इसी क्रम में 3 मई को दोपहर 4 से 5 बजे तक थाना कोतवाली क्षेत्र के मामा-भांजा चौराहा से फॉरेस्ट ऑफिस तक के मार्ग को “आदर्श ट्रैफिक जोन” घोषित किया गया है। इस एक घंटे की अवधि में यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, नो पार्किंग, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोड सवारी शामिल हैं। पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी नियम उल्लंघनकर्ता कार्रवाई से बच न सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल चालान या दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है। इसका लक्ष्य आम जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। थानाधिकारी कोतवाली ने सभी वाहन ड्राइवरों से यातायात नियमों का पालन करने और इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से भी आग्रह किया है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और इस पहल में सहयोग करें।


