प्रतापगढ़ में कांग्रेस की बैठक:आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा, बूथ मजबूत करने पर जोर

प्रतापगढ़ में कांग्रेस की बैठक:आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा, बूथ मजबूत करने पर जोर

प्रतापगढ़ के इंदिरा भवन में कांग्रेस की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी ने जनता की दैनिक जरूरतों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनके बीच जाने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाने का आह्वान किया। डॉ. त्रिपाठी ने बूथ को चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताया और कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही जीत की आधारशिला होता है। उन्होंने सभी ब्लॉक, मंडल और बूथ अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की मतदाता सूची का गहन परीक्षण करें। पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल न होने पर उन्हें प्राथमिकता से जोड़ने का कार्य किया जाए। इसके अतिरिक्त, जहां बूथ संगठन कमजोर है, वहां पुनर्गठन कर अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाए। डॉ. त्रिपाठी ने जोर देकर कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही कांग्रेस को आगामी चुनावों में सफलता दिलाएगी। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *