कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने रविवार को दावा किया कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट का कंट्रोल वापस मिल गया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, “हम वापस आ गए हैं, तुम भूल गए थे कि हम जिंदा रहने के लिए क्या कर सकते हैं।” पोस्ट के साथ उन्होंने कॉकरोच की इमेज भी शेयर की। इससे पहले शनिवार को उन्होंने दावा किया था कि उनकी पार्टी और पर्सनल अकाउंट को हैक किया गया है। वहीं, दीपके ने रविवार को X पर फॉलोअर्स डेटा शेयर कर बताया कि उनके 94% से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से सवाल किया कि भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों कहा जा रहा है। दरअसल, रिजिजू ने X पर बिना किसी का नाम लिखे पोस्ट कर लिखा था कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गिरोह से फॉलोअर्स जुटाते हैं, जबकि भारत में ही पर्याप्त युवा मौजूद हैं। भारत-विरोधी गिरोह से मदद लेने की कोई जरूरत नहीं है। अभिजीत के रविवार को किए 2 पोस्ट… CJP की वेबसाइट अभी भी बंद इससे पहले शनिवार को अभिजीत ने बताया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। दीपके ने दोपहर 1.14 बजे X पर कहा था- सरकार ने हमारी वेबसाइट बंद कर दी है। उस पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 6 लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर साइन किए थे। हालांकि यह वेबसाइट अभी बंद है। इसे खोलने पर ‘दिस साइट कान्ट बी रीच्ड’ का मैसेज फ्लैश हो रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी पर भास्कर के 2 कार्टून CJP के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स 2.27 करोड़ हुए अकाउंट के हैक होने के बाद भी इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स लगातार बढ़े। रविवार दोपहर तक यह आंकड़ा 2.27 करोड़ पहुंच गया है। वहीं X पर फाउंडर अभिजीत के ही अकेले 2.18 लाख से ज्यादा फॉलोअर हो गए हैं। अभिजीत अमेरिका में पढ़ रहे, AAP में काम कर चुके 30 साल के अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। फिलहाल वो अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। अभिजीत 2020 से 2022 तक केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट रहे हैं। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में अभिजीत AAP के लिए वायरल मीम बेस्ड ऑनलाइन प्रचार का मटेरियल बनाते थे। एक इंटरव्यू में अभिजीत ने बताया कि उन्होंने निजी जिंदगी और आर्थिक स्थिरता के लिए AAP छोड़कर बोस्टन यूनिवर्सिटी में अप्लाई किया था। एडमिशन मिल गया, तो वे अमेरिका शिफ्ट हो गए। अभिजीत किसान आंदोलन से लेकर महंगाई जैसे राजनीतिक मुद्दों पर X अकाउंट पर केंद्र सरकार और पीएम पर निशाना साधते रहे हैं। —————– कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… एक्सप्लेनर: कॉकरोच जनता पार्टी ने 5 दिन में बीजेपी-कांग्रेस को पछाड़ा, इंस्टा पर डेढ़ करोड़+ फॉलोअर्स; ये सिर्फ मजाक है या बदलाव की आहट BJP और कांग्रेस ने 2014 में इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए। 12 साल में बीजेपी के 88 लाख और कांग्रेस के 1.3 करोड़ फॉलोअर्स हुए हैं। लेकिन महज 5 दिन पहले बनी कॉकरोच जनता पार्टी, यानी CJP ने इन दोनों आंकड़ों को छोटा साबित कर दिया। पूरी खबर पढ़ें…
कॉकरोच जनता पार्टी फाउंडर बोले-इंस्टाग्राम अकाउंट का कंट्रोल वापस मिला:फॉलोअर्स का डेटा शेयर कर पूछा- इनमें 94% भारतीय, रिजिजू इन्हें पाकिस्तानी क्यों बता रहे


