Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री सीएम विष्णु देव साय ने शुक्रवार को सुशासन तिहार के तहत बलौदाबाजार के करहीबाजार और महासमुंद के बागबाहरा ब्लॉक स्थित ग्राम कमरौद का दौरा किया। इस दौरान सीएम ने जनता से सीधा संवाद कर शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया। करहीबाजार में समाधान शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सरकार को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। ग्राम कमरौद में बरगद पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की सुध ली।
Chhattisgarh News: जनता तक पहुंच रही सरकार
उन्होंने कहा कि सरकार खुद चलकर जनता के बीच पहुंच रही है ताकि यह परखा जा सके कि लोगों को राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना जैसी बुनियादी सहूलियतों का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं। चौपाल के दौरान किसानों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके साथ ही उन्होंने खेती की लागत कम करने और बेहतर फसल के लिए किसानों से नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने साझा किया कि वे अब तक प्रदेश के 16 जिलों का दौरा कर इस तरह सीधे जनता से रूबरू हो चुके हैं।
सुशासन तिहार की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने ग्राम कमरौद में मातृशक्ति (महिलाओं) के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन, कमरौद से चरोदा तक सड़क और मुक्तिधाम निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कमरौद में सीएम ने पांचवीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू के आग्रह पर उसके साथ सेल्फी ली। वहीं चिरायु योजना से नया जीवन पाने वाले बच्चे समीरा जांगड़े और नितिन पटेल ने मुख्यमंत्री को थैंक यू कार्ड भेंट किया। मुख्यमंत्री ने करहीबाजार में बुजुर्ग हितग्राहियों को अपने हाथों से नजर का चश्मा पहनाया और कमरौद में दिव्यांगों को आवश्यक सहायक उपकरणों का वितरण किया।
6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र
मुख्यमंत्री साय ने लखपति दीदी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और आगे करोड़पति दीदी बनने की दिशा में बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार कर रही है। प्रदेश की 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड, बैंकिंग और अन्य सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अब रजिस्ट्री के साथ तत्काल नामांतरण की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू
मुख्यमंत्री ने कही कि सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं ऑनलाइन और टोल फ्री नंबर के जरिए दर्ज करा सकेंगे तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया तथा नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुविधा और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अधिकारी कर्मचारी बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।


