चंदौली पुलिस ने 121 खोए हुए स्मार्टफोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा दिए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत 36 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल ने सभी फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। एसपी आकाश पटेल को जनसुनवाई के दौरान खोए हुए और गिरे मोबाइलों से संबंधित कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद उन्होंने गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए स्वाट और सर्विलांस टीमों को जिम्मेदारी सौंपी। गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी माध्यमों और लगातार प्रयासों के बल पर विभिन्न स्थानों से कुल 121 स्मार्टफोन को सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किया। यह कार्रवाई कई दिनों तक चली। बरामद किए गए मोबाइलों को सोमवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में उनके मालिकों को सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए फोन वापस पाकर मोबाइल मालिक काफी खुश हुए और उन्होंने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की। बरामद किए गए मोबाइलों में सैयदराजा थानाक्षेत्र से तीन, बबुरी से सात, मुगलसराय से नौ, धीना से तीन, चंदौली से 21, चकिया से चार, चरघट्टस से दो, नौगढ़ से छह, सकलडीहा से 47, इलिया से दो, कंदवा से तीन, धानापुर से छह और सर्विलांस सेल से आठ लोगों के फोन शामिल हैं। स्मार्टफोन बरामद करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा और संयुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल थे। एसपी ने इस दौरान सर्विलांस टीम के कार्यों की विशेष सराहना की।


