बैतूल शहर का गंज रेलवे अंडरब्रिज, जिसे थर्ड लाइन कार्य के चलते करीब 45 दिनों तक बंद रहने की संभावना जताई जा रही थी, अब महज 18 दिनों में आंशिक रूप से खोला जा रहा है। यह अंडरब्रिज कल (21 अप्रैल) शाम 6:00 बजे से दोपहिया और हल्के चारपहिया वाहनों के लिए उपलब्ध होगा। गौरतलब है कि इस अंडरब्रिज को पहले 3 अप्रैल से 45 दिनों के लिए बंद रखने की योजना बनाई गई थी। इससे पूर्व भी यह अंडरब्रिज कई दिनों तक बंद रह चुका है, जिसके कारण शहरवासियों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता था और वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता था। फिलहाल छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोला
रेलवे प्रशासन के अनुसार, थर्ड लाइन निर्माण के तहत अंडरपास की लंबाई बढ़ाने का कार्य तेजी से किया गया। इसी कारण निर्धारित अवधि से पहले ही आंशिक संचालन संभव हो सका है। फिलहाल छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोला गया है, जबकि सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्ण संचालन 3 मई 2026 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। अंडरब्रिज के आंशिक रूप से खुलने से रामनगर, गर्ग कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पूरी तरह सुचारू यातायात के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। बता दें कि इस अंडरब्रिज के बार-बार बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विधायक हेमंत खंडेलवाल ने नाराजगी जताई थी और रेल अधिकारियों को इसे जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे।


