पंजाब के संगरूर जिले में आर्थिक तंगी से परेशान एक किसान ने आत्महत्या कर ली। वह अपने बेटे और माता पिता की बीमारी से परेशान था। उनके इलाज के लिए वह लगातार कर्ज में डूब रहा था। इसके चलते वह परेशान रहता था। जिसके चलते उसने कोई जहरीली वस्तु निगल लगी। मृतक जिले के दिड़बा के पास गांव कड़ियाल निवासी 34 वर्षीय बलजिंदर सिंह के दो छोटे बच्चे हैं। जिनकी उम्र 9 और 12 वर्ष है। छोटा बेटा दिल की बीमारी (दिल में छेद) से जूझ रहा है। इसके अलावा, उनके बुजुर्ग पिता लंबे समय से बिस्तर पर हैं और माता भी बीमार रहती हैं। 17 लाख रुपए का था कर्ज, किश्तें नहीं चुका पा रहा था। परिवार के सदस्यों के इलाज पर काफी पैसा खर्च हुआ, जिसके लिए बलजिंदर को कर्ज लेना पड़ा। मृतक किसान पर कोऑपरेटिव सोसाइटी बैंक और आढ़तियों का लगभग 17 लाख रुपए का कर्ज था। उनकी कुल जमीन मात्र तीन एकड़ थी, जिससे होने वाली आय इलाज के खर्च और कर्ज का ब्याज चुकाने के लिए पर्याप्त नहीं थी। कई दिनों से मानसिक तनाव में था बलजिंदर पिछले कई दिनों से बलजिंदर सिंह इसी मानसिक तनाव और परेशानी से गुजर रहे थे। वह घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद अब बीमार माता-पिता और दो मासूम बच्चों को संभालने वाला कोई नहीं बचा है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पंजाब सरकार से मांग की है कि इस गरीब किसान परिवार का पूरा कर्ज तुरंत माफ किया जाए। साथ ही, बच्चों के भविष्य और बीमार परिजनों के इलाज के लिए विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।


