अयोध्या जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों सर्पदंश की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। भीषण गर्मी और उमस के चलते जहरीले सांप ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में घरों और आबादी वाले इलाकों की ओर निकल रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। जिले में प्रतिदिन दर्जनों सर्पदंश के मामले सामने आ रहे हैं। गंभीर हालत वाले मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है, जबकि अन्य मरीजों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और संयुक्त चिकित्सालयों में किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम चौबीसों घंटे तैनात कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में प्रतिदिन एक से दो सर्पदंश के मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम इंजेक्शन उपलब्ध हैं और मरीजों को समय पर इलाज दिया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम चौबीसों घंटे तैनात है। इसी क्रम में कुमारगंज थाना क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा गांव निवासी रेखा पत्नी सुमित कुमार घर के पास कांडा हटा रही थीं। तभी अचानक एक जहरीले सर्प ने उन्हें डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। झाड़-फूंक और अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटीवेनम इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक और अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें। मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय रहते इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है। रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज के सीएमएस डॉ. रवि पांडे ने बताया कि गर्मी के मौसम में घरों में साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। घर के आसपास झाड़ियां, कचरा और गंदगी जमा न होने दें। उन्होंने अपील की कि रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें और खुले में सोने से बचें। स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा है।


