अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहजादपुर स्थित गांधी तिराहा के पास बुधवार देर रात एक चार पहिया वाहन में अचानक आग लग गई। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन जैसे ही गांधी तिराहा के पास पहुंचा, उसमें से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। वाहन में बैठे लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। उन्होंने बाल्टियों में पानी भरकर आग पर डाला, जिससे आग को फैलने से रोकने में कुछ हद तक मदद मिली। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि, प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


