गोंडा में पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने मजदूरी कर, भैंस और गन्ना बेचकर पत्नी को एएनएम (ANM) का कोर्स कराया, लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। पति ने कहा पत्नी को पढ़ाने में डेढ़ लाख खर्च हुआ। अब पत्नी और उसके परिवार के लोग 10 लाख रुपए की मांग कर रहे है। पीड़ित पति ने अब पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। मामला मोतीगंज थाना क्षेत्र के चपरतल्ला कौरहे गांव का है। पंजाब में रहकर करता था काम चपरतल्ला कौरहे गांव के रहने वाले राजेश कुमार वर्मा (28) ने सीओ शिल्पा वर्मा को शिकायती पत्र देकर पत्नी रेनू वर्मा और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि उनकी शादी 2001 में पिपरा लालच गांव निवासी राम उजागर की बेटी रेनू वर्मा से बाल्यावस्था में हुई थी। उस समय उनकी उम्र करीब 8 से 10 वर्ष थी। 2018 में गौना होने के बाद रेनू उनके साथ ससुराल आईं। कुछ समय बाद रेनू ने एएनएम का कोर्स करने की इच्छा जताई। पीड़ित पति के अनुसार, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उसने पत्नी की पढ़ाई के लिए पंजाब में रहकर नौकरी की। लोहे की पल्लेदारी का काम किया, दो भैंसें बेच दीं और गन्ना बेचकर भी पैसे जुटाए। उसने बताया कि पढ़ाई के दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से पत्नी को भेजे। राजेश का आरोप है कि 2022 में उसकी पत्नी मायके गई और उसके द्वारा दिए गए 12 हजार रुपये के पायल बेचकर एएनएम कोर्स में एडमिशन ले लिया। इसके बाद उसने भी पत्नी की पढ़ाई में पूरा सहयोग किया। अब कोर्स पूरा होने और अस्पताल में नौकरी मिलने के बाद पत्नी उसके साथ रहने को तैयार नहीं है।
पत्नी के परिजन मांग रहे 10 लाख रुपए पीड़ित का आरोप है कि जब वह पत्नी को वापस लाने ससुराल गया तो उससे कहा गया कि यदि वह रेनू के साथ रहना चाहता है तो उसे अपने माता-पिता को छोड़कर गोंडा में अलग रहना होगा। राजेश ने बताया कि उसके पिता बीमार हैं और मां नेत्रहीन हैं, इसलिए वह उन्हें छोड़ नहीं सकता। राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि पत्नी और उसके परिजन अब उससे 10 लाख रुपए मांग रहे हैं। उनका आरोप है कि शादी और गौना के समय दिए गए जेवर भी ससुराल पक्ष ने वापस नहीं किए। पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में पत्नी की पढ़ाई पर खर्च की गई रकम और जेवर वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही मामले में न्याय दिलाने की अपील की है। साथ रहने से कर रही इनकार राजेश ने बताया कि पत्नी ने पहले कहा था कि नौकरी लगने तक वह उसके घर पर रहेगी और नौकरी लगने के बाद जहां पोस्टिंग होगी, वहां दोनों साथ रहेंगे। लेकिन अब वह साथ रहने से इनकार कर रही है। पीड़ित पति ने कहा, मैं सिर्फ पांचवीं तक पढ़ा हूं। मजदूरी करके पत्नी को पढ़ाया, लेकिन अब वह कह रही है कि तुम्हारे घर नहीं आऊंगी। मैं अपने बूढ़े और बीमार माता-पिता को छोड़कर कैसे अलग रहूं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


