हरदोई में नई रेललाइन की मांग को लेकर शुरू हुए पोस्टर विवाद में भाजपा नेता डॉ. पंकज त्रिवेदी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें सांसद जयप्रकाश रावत के आवास के बाहर पोस्टर लगाने के आरोप में शहर कोतवाली लाया गया। यह घटनाक्रम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। बताया जा रहा है कि डॉ. पंकज त्रिवेदी ने अपने साथियों के साथ बीती रात शहर के कई स्थानों पर और विशेष रूप से सांसद जयप्रकाश रावत के आवास के बाहर पोस्टर लगवाए थे। इन पोस्टरों में हरदोई से गुरसहायगंज तक वाया सांडी नई रेललाइन के निर्माण की मांग की गई थी। पोस्टरों में सांसद जयप्रकाश रावत पर चुनाव के दौरान रेललाइन बनवाने का वादा करके बाद में कोई ठोस कदम न उठाने का आरोप भी लगाया गया था। पोस्टर लगने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डॉ. पंकज त्रिवेदी को हिरासत में लिया। उन्हें रात करीब 2 बजे से शहर कोतवाली में बैठाया गया है। राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कराने का आरोप लगाया डॉ. पंकज त्रिवेदी के पिता देवेंद्र त्रिवेदी ने पत्रकारों से बातचीत में इस कार्रवाई को लेकर सांसद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि पिछले लगभग 20 वर्षों से चल रहा एक सामाजिक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और आवागमन को लाभ पहुंचाना है। देवेंद्र त्रिवेदी ने दावा किया कि बेटे की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने सांसद जयप्रकाश रावत से बात कर मामले को शांत कराने और बेटे को रिहा करने की अपील की थी। उनके अनुसार, सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, “तुम्हारा बेटा हमारे घर के बाहर आकर दबंगई करेगा, इसको तो फिट करवाता हूं, कोतवाली में पटे चलवाता हूं, तब इसका दिमाग सही होगा।” देवेंद्र त्रिवेदी ने सांसद पर द्वेष भावना के चलते राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कराने का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटनाक्रम ने जिले में राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।


