भागवत कथा बैनर विवाद में चली गोलियां, दो घायल:4 बीघा जमीन को लेकर शिवपुरी में एक ही परिवार के दो पक्षों में पत्थरबाजी भी हुई

भागवत कथा बैनर विवाद में चली गोलियां, दो घायल:4 बीघा जमीन को लेकर शिवपुरी में एक ही परिवार के दो पक्षों में पत्थरबाजी भी हुई

शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के छान गांव में भागवत कथा के बैनरों में फोटो नहीं लगाने से शुरू हुई पारिवारिक रंजिश मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गई। 4 बीघा जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी और फायरिंग हुई, जिसमें 14 वर्षीय बालिका और 24 वर्षीय युवक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोग भी मारपीट में घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, राम सिंह तोमर के बेटे शिशुपाल तोमर का 4 बीघा खेत को लेकर अपने ही परिवार के लखन तोमर, इन्द्रपाल तोमर और उनके बेटों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि कोर्ट में चल रहे मामले में हाल ही में शिशुपाल तोमर के पक्ष में फैसला आया था। इसके बाद वह खेत पर तार फेंसिंग कराने पहुंचे थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने कब्जा नहीं करने दिया। भागवत कथा के बैनर से और बढ़ा विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, अप्रैल माह में गांव में आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान छपवाए गए बैनरों में परिवार के कुछ लोगों की फोटो नहीं लगाई गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और फायरिंग जैसी स्थिति बनी थी। हालांकि उस समय समाज की पंचायत के जरिए मामला शांत करा दिया गया था और किसी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। राजीनामा की बैठक में हुआ हमला
घायल पक्ष के जितेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि मंगलवार को समाज के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा होना था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग हथियारों और लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि केशव तोमर, अरुण तोमर, अरविंद तोमर, सतेंद्र तोमर, रविन्द्र तोमर, विकास तोमर, लखन तोमर, चतुर सिंह, माखन, इंद्रपाल और रणवीर तोमर ने कट्टा और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान वीरेंद्र तोमर के हाथ में गोली लगी, जबकि मनीषा सोलंकी भी गोली लगने से घायल हो गई। वहीं अन्य परिजनों के साथ मारपीट कर उन्हें भी घायल कर दिया गया। अस्पताल जाते समय फिर हमला
जितेंद्र तोमर ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोप है कि दो आरोपी बाद में करेरा पहुंचे और जब उसका भाई घायल मनीषा को देखने अस्पताल जा रहा था, तब उस पर भी पत्थर से हमला कर दिया गया। घटना के बाद सभी घायलों को करेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल मनीषा सोलंकी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। करेरा एसडीओपी आयुष जाखड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद सामने आया है। कुछ लोगों के नाम भी सामने आए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *